स्नान के दौरान यमुना में डूबने से दो किशोरों की मौत ।

मथुरा-

धर्म नगरी वृंदावन में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना में डूबने से दो किशोरों की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक किशोर गौरानगर कॉलोनी निवासी जानकी निषाद का 16 वर्षीय पुत्र पुनीत एवं रमाकांत शर्मा का 14 वर्षीय पुत्र आलोक शर्मा है। परिजनों के अनुसार यह दोनों किशोर गहरे दोस्त थे और रोजाना सुबह गांधी पार्क तक टहलने के लिए जाते थे। शुक्रवार की सुबह भी पुनीत और आलोक घर से टहलने के लिए निकले थे और ब्रह्मर्षि देवराह बाबा घाट पर पहुंच गए। जहां यमुना स्नान के दौरान आलोक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगा तो उसे बचाने के प्रयास में पुनीत भी डूब गया। दोनों किशोरों को डूबता देख वहां आसपास स्नान कर रहे अन्य लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला। दोनों किशोरों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन परिजनों द्वारा किसी प्रकार की कार्यवाही से इंकार किए जाने पर पुलिस ने दोनों शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए।

Report- Jay

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें